क्षेत्र पंचायत निधि में कटौती और 14वें वित्त को समाप्त करने के विरोध में शुक्रवार को भी बीडीसी सदस्यों ने ब्लॉक कार्यालय में फिर तालाबंदी की। यहां हुई सभा के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री के नाम का ज्ञापन बीडीओ संगीता आर्या को सौंपा। इसमें उन्होंने बजट शीघ्र बहाल न होने पर आंदोलन और तेज करने की चेेतावनी दी।
शुक्रवार को ब्लॉक प्रमुख रेखा खेतवाल के नेतृत्व में बीडीसी सदस्य जोरदार नारेबाजी के साथ ब्लाक कार्यालय पहुंचे और उन्होंने वहां ताले जड़ दिए। सभा में वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र पंचायत निधि में कटौती और केंद्र सरकार द्वारा 14वें वित्त को समाप्त करना पंचायतों का अपमान है।
इसी तरह केंद्र ने बीआरजीएफ मद को भी बंद कर दिया है। वक्ताओं ने केंद्र सरकार से इन मदों को पहले की तरह जारी रखने की मांग की। कहा कि बजट के बगैर गांवों का विकास चौपट हो जाएगा और क्षेत्र पंचायतें नाम की रह जाएंगी।
तालाबंदी और धरना प्रदर्शन करने वालों में ज्येष्ठ उप प्रमुख गोपा धपोला, कनिष्ठ सुनीता टम्टा, सदस्यों में भूपाल रौतेला, भुवन चंद्र, गोपाल दत्त भट्ट, कमल टम्टा, नीमा धपोला, गीता देवी, तारा देवी, कमलादेवी, लक्ष्मी दत्त, बसंती देवी, कमला टम्टा, पनी राम, नैन सिंह नेगी, बाला राम, लक्ष्मी गढ़िया, भवानी राम आदि शामिल थे।