सबके आधार कार्ड बनवाएं सीएससी संचालक
- फोटो : अमर उजाला
बागेश्वर। डीएम मंगेश घिल्डियाल ने सोमवार को समाज कल्याण अधिकारी और आंगनबाड़ी सुपरवाइजरों की बैठक में कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के संचालकों द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार आवंटित आंगनबाड़ी केंद्रों में रजिस्टर्ड बच्चों के आधार कार्ड जारी करने की समीक्षा की। लक्ष्य से कम आधार कार्ड बनाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए सीएससी के जिला प्रबंधक को सभी लोगों के आधार कार्ड जारी करने के निर्देश दिए।
डीएम ने सीएससी के जिला प्रबंधक को सेंटरों के संचालकों की दैनिक प्रगति रिपोर्ट उन्हें भेजने को कहा। उन्होंने आंगनबाड़ी सुपरवाइजरों को फिर से नया रोस्टर तैयार करने और दूरस्थ गांवों के लोगों की सुविधा के अनुसार कैंप लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कैंप ऐसे स्थानों पर आयोजित करने को कहा जहां पर आसपास के गांव के लोगों को भी सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि कैंप लगाने के बाद भी यदि कोई बच्चा आधार कार्ड बनाने से छूटता है तो संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री का मानदेय रोका जाएगा।
उन्होंने विद्युत वंचित क्षेत्रों में जनरेटर की व्यवस्था करने को कहा। डीएम ने सुपरवाइजरों को मंगलवार तक रोस्टर तैयार कर अगले 15 दिन में छूटे सभी बच्चों के आधार कार्ड बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाज कल्याण विभाग में रजिस्टर्ड जिन पेंशन धारकों के आधार कार्ड नहीं बने हैं, उनके आधार कार्ड ब्लॉक में उपलब्ध सूची के अनुसार बनाने को कहा। बैठक में समाज कल्याण अधिकारी एनएस गस्याल, सीडीपीओ निर्मला अंसारी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर रोहित बहुगुणा, सीएससी के जिला मैनेजर प्रकाश चंद्र आदि थे।
बागेश्वर। डीएम मंगेश घिल्डियाल ने सोमवार को कलक्ट्रेट में राजस्व अभिलेखागार अनुभाग और हॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने पटल सहायकों को अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने डिजिटलाइजेशन के लिए अभिलेखों की स्केनिंग कर व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बंदोबस्ती फील्ड अभिलेखों का निरीक्षण किया और राजस्व अभिलेखों कक्ष का निरीक्षण करते हुए रोजाना की रिपोर्ट अपडेट करने को कहा। राजस्व अनुभाग के निरीक्षण के दौरान पटल सहायक दिनेश खेतवाल, मंगल सिंह बजेठा आदि थे।