बागेश्वर। नशे में वाहन चलाना एक चालक को भारी पड़ गया है। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया है। चालक का लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
शराब पीकर वाहन चलाने से हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने मातहतों को सघन चेकिंग अभियान चलाने के सख्त निर्देश दिए हैं। एसपी ने निर्देश पर कोतवाली पुलिस शनिवार की शाम को जिला मुख्यालय के आरे बाईपास पर चेकिंग अभियान चला रही थी। एल्कोमीटर से वाहन चालकों की जांच के दौरान बरात लेकर जा रहे बोलेरो वाहन चालक ललित सिंह निवासी पंद्रहपाली (बागेश्वर) के शराब के नशे में था। वाहन में 14 सवारियां बैठी थीं।
पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में मेडिकल कराया। मेडिकल जांच में चालक के शराब पीने की पुष्टि हुई। चालक को गिरफ्तार कर वाहन को मौके पर धारा 185/207 मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सीज कर दिया गया। चेकिंग अभियान दल में एसआई कृष्णा गिरी, एसआई भुवन चंद्र जोशी, कांस्टेबल रवींद्र नाथ, सुनील कुमार शामिल थे।