बागेश्वर। अखिल भारतीय आईडीबीआई बैंक अधिकारी संघ ने सरकार की निजीकरण की नीति का विरोध किया है। राष्ट्रीय आह्वान पर बागेश्वर शाखा के सभी कर्मचारियों ने बुधवार को प्रदर्शन किया। बैंक कर्मियों ने कोई आश्वासन न मिलने पर 28 से 31 मार्च तक पूर्ण हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। आईडीबीआई बैंक परिसर में एकत्रित कर्मचारियों ने कहा कि केंद्र सरकार ने आईडीबीआई बैंक के सरकारी सहभागिता को 50 प्रतिशत से कम करने का प्रस्ताव बनाया है।
जिसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। कहा कि सरकार के इस कदम से बैंक कर्मचारी अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। कर्मचारियों ने निजीकरण की आड़ में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़े वर्ग, दिव्यांगों को दिए गए आरक्षण की सुविधा को असंवैधानिक तरीके से समाप्त करने की साजिश हो रही है। बैंक के 16 हजार कर्मचारियों, उनके परिवार के भविष्य से खिलवाड़ करने पर नाराजगी जताई गई। प्रदर्शन करने वालों में शाखा प्रबंधक प्रवीण त्यागी, पीयूष मौर्या, विकास ममगई, हिना रावत, पुष्कर लोहनी, प्रकाश, रमेश आदि थे।