बैजनाथ में लगे एयरटेल के टावर में शुक्रवार को भीषण आग लग गई। आग से टावर में लगे लाखों रुपये के देशी, विदेशी उपकरण जल गए। बैजनाथ के ग्रामीणों और एयरटेल कंपनी के कर्मियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद बमुश्किल आग बुझाई। टावर जलने से जिले में एयरटेल और आइडिया की संचार सेवा ठप हो गई है।
बैजनाथ स्थित एयरटेल के टावर में शुक्रवार दोपहर ढाई बजे अचानक आग लग गई। टावर से धुआं आते देखकर टावर के भूस्वामी भगवत गिरि गोस्वामी ने जिला मुुुख्यालय में स्थित एयरटेल के कर्मियों को फोन से सूचना दी। बैजनाथ के ग्रामीण एक घंटे की मशक्कत के बाद बामुश्किल आग बुझा पाए।
टावर में आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड का वाहन डेढ़ घंटे बाद बागेश्वर से बैजनाथ पहुंचा। तब तक ग्रामीणों ने आग बुझा दी थी। घटना की सूचना पर एसडीएम रवींद्र सिंह बिष्ट, थानाध्यक्ष घटना स्थल पर पहुंचे। कानूनगो गोपाल सिंह बिष्ट ने बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई।
एयरटेल कंपनी के टेक्नीशियन राजेंद्र दानू और एयरटेल के क्लस्टर प्रभारी हरीश बिष्ट ने बताया कि आग से कंपनी को भारी क्षति पहुंची है। कंपनी ने नए उपकरणों की डिमांड दे दी है। एयरटेल उच्चाधिकारियों ने बताया कि आग से कंपनी को 50 लाख रुपये से ज्यादा की क्षति पहुंची है।
इधर टावर में आग लगने से आइडिया और एयरटेल की संचार सेवा समूचे जिले में ठप है। जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।