बागेश्वर में फुटबाल के लिए मशक्कत करते खिलाड़ी। संवाद
बागेश्वर। नुमाइशखेत मैदान में स्व. मोहित सिंह भंडारी नाइन ए साइड जिला स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता जारी है। पांचवे दिन दो मुकाबले खेले गए। दोनों मैच का परिणाम एकतरफा रहा। काफी संख्या में दर्शकाें ने मैच का लुत्फ उठाया।
शनिवार को पहला मैच बागनाथ एकेडमी और बागनाथ फुटबाल क्लब के बीच खेला गया। शुरूआत से ही बागनाथ एफसी की टीम एकेडमी पर हावी रही। टीम के खिलाड़ियों ने नियमित अंतराल पर गोल दागकर दबाव बनाए रखा। मैच का अंत बागनाथ एफसी ने 7-0 से मैच अपने नाम किया। एकेडमी की टीम ने भी गोल बनाने के प्रयास किए लेकिन सफलता नहीं मिली।
दूसरे मैच में हॉरमेंस क्लब और वर्मा ज्वैलर्स की टीम के बीच मुकाबला हुआ। दोनों टीमों के बीच रोचक मुकाबला होने की उम्मीद थी। शुरूआत में ऐसा होता भी दिखा लेकिन हॉरमेंस क्लब ने लगातार गोल दागते हुए दबाव बनाना शुरू कर दिया। ज्वैलर्स की टीम ने भी गोल दागकर अंतर को पाटने की कोशिश की लेकिन पूरी तरह से सफलता नहीं मिली। क्लब ने 8-3 के गोल अंतर से मैच अपने नाम किया। मैच के मुख्य अतिथि हरीश साह, रेफरी शिवम साह, नीरज पांडेय, विजय रावत, चेतन नगरकोटी रहे। संचालन ललित तिवारी ने किया।