बागेश्वर। स्वीप टीम ने शुक्रवार को कम मतदान प्रतिशत वाले बागेश्वर के बघर बूथ में शत-प्रतिशत मतदान के लिए लोगों को जागरूक किया। टीम के सदस्यों ने इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ जागरूकता रैली भी निकाली।
शुक्रवार को स्वीप टीम के सदस्यों ने जीआईसी बघर में जागरूकता रैली, गोष्ठी का आयोजन किया। सदस्यों ने छात्र-छात्राओं को लोकतंत्र में मतदान का महत्व बताया। छात्र-छात्राओं ने हाथों में बैनर, तख्तियां लेकर बघर क्षेत्र में रैली निकाली, आगामी 15 फरवरी को बूथ पर जाकर लोगों से मतदान करने की अपील की।
इस कार्यक्रम में स्वीप टीम के जिला समन्वयक आलोक पांडेय, कैलाश प्रकाश चंदोला, डॉ. हरीश दफौटी, उमेश जोशी, गोपाल प्रसाद, संतोष वर्मा, दिग्विजय कुमार, महावीर प्रसाद, ललित मोहन तिवारी, मातवर सिंह, त्रिलोक सिंह, भूपेंद्र सिंह, राजेंद्र बघरी, केदार सिंह फर्त्याल आदि थे।
टीम के सदस्यों ने चुनाव बहिष्कार की चेतावनी देने वाले जैनकरास क्षेत्र के लोगों को मतदान के लिए प्रोत्साहित किया। स्वीप टीम के समन्वयक आलोक पांडेय ने बताया कि जिन बूथों में पिछले चुनावों में कम मतदान हुआ था, उन बूथों में लोगों को जागरूक किया जा रहा है।