बागेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचाने की अपील को जिला प्रशासन नए रूप में लागू करने जा रहा है। जिले में इस मुहिम को ईंधन की बचत के साथ-साथ नगर को जाम से मुक्ति दिलाने और लोगों को सेहतमंद बनाने के प्रयोग के तौर पर जिला जाएगा। शनिवार (आज) से शुरू हो रही पहल के तहत बाजार क्षेत्र को पूरी तरह से वाहन मुक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा। जरूरी सेवाओं के वाहनों पर यह लागू नहीं होगा।
शनिवार को अधिकारी-कर्मचारी पैदल कार्यालय आएंगे। सभी जिलेवासियों से भी जरूरी होने पर ही वाहन का प्रयोग करने की अपील की गई है। बागेश्वर नगर को सुबह सात से शाम के सात बजे तक वाहन मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान में व्यापारियों, अधिवक्ताओं, वरिष्ठ नागरिकों का सहयोग मिल रहा है। स्वयंसेवी संस्थाएं भी स्वयंसेवी के रूप में मदद कर रही हैं।
बाईपास का होगा प्रयोग
नगर में वाहनों की आवाजाही शून्य करने के लिए व्यापारियों से पैदल प्रतिष्ठान तक आने की अपील की गई है। कपकोट, कांडा, गरुड़, ताकुला रोड से आने वाले वाहन बाईपास का प्रयोग करेंगे। सूरजकुंड, विकास भवन तिराहा, कोतवाली, जजी तिराहा और भागीरथी बाईपास से बाजार में वाहन नहीं चलेंगे। इन स्थानों पर पुलिस और स्वयंसेवी मौजूद रहकर लोगों को जागरूक करेंगे।
मात्र दस रुपये में बाईपास से बाजार तक लाएंगे ई-रिक्शा
ग्रामीण क्षेत्रों से बाईपास तक आने वाले यात्रियों को बाजार तक लाने के लिए ई-रिक्शा तैनात रहेंगे। सभी दस ई-रिक्शा को जरूरत के अनुसार पिंडारी रोड, ताकुला रोड, स्टेशन रोड आदि स्थानों पर मूवमेंट कराई जाएगी। मात्र 10 रुपये किराये में ई-रिक्शा सेवा देंगे।
कोट
नो व्हीकल डे को लोगों के सहयोग से उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। बाजार में वाहन नहीं होंगे तो जाम से निजात मिलेगी। लोग आराम से घूमने-फिरने के साथ खरीदारी कर सकेंगे। आपातकालीन परिस्थितियों को छोड़कर बाकी सभी लोगों से जिला प्रशासन ने पैदल चलकर मुहिम में शामिल होने की अपील की है। - प्रियंका रानी, एसडीएम, बागेश्वर