भगवान बागनाथ की नगरी में आयोजित उत्तरायणी मेले के दौरान विभिन्न विभागों ने विकास प्रदर्शनी लगाई है। वहां स्टॉलों के जरिए मेलार्थियों को जहां सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
वहीं यहां किसानों के विभिन्न किस्म के उत्पाद भी मेलार्थियों के अपनी ओर से आकर्षित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। उद्यान विभाग की प्रदर्शनी में 35 किलो वजन के कद्दू, 25 की लौकी, 12 किलो की गोभी मुख्य आकर्षण हैं। उद्यान विभाग की ओर से ऐतिहासिक नुमाइशखेत मैदान में लगी प्रदर्शनी किसानों की मेहनत दिख रही है।
प्रदर्शनी में कर्मी निवासी स्वरूप सिंह की 35 किलो वजन का कद्दू, गुलेर के शिवराज सिंह की 25 किलो वजन की लौकी, असों के बहादुर सिंह के 12 किलो की गोभी, भयेड़ी के मोहन जोशी की सात किलो वजन की मूली, असों के बहादुर सिंह की चौड़े पत्ते की बेहतरीन राई, कांडा के जगदीश लाल वर्मा के चार फीट की लंबी लौकी मेलार्थियों के मुख्य आकर्षण के केंद्र बने हैं। बोरगांव खरेही के तांबे के विभिन्न वस्तुएं भी मेलार्थियों को अपनी ओर खींचने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।