बागेश्वर-कपकोट सड़क में आए बोल्डरों को हटाती जेसीबी।
- फोटो : amar ujala
बागेश्वर-कपकोट मोटर मार्ग पर सोमवार शाम को हरसीला के पास बोल्डर गिर गए। इस कारण इस सड़क पर करीब 16 घंटे तक आवागमन बंद रहा। मंगलवार सुबह नौ बजे बोल्डर हटाने के बाद यातायात सुचारु हो सका। मलबा आने से जिले के चार अन्य मार्ग भी करीब तीन घंटे बंद रहे।
हरसीला की पहाड़ी से लगातार भूस्खलन हो रहा है। सोमवार शाम करीब छह बजे पहाड़ से बड़ी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर गिर गए। इससे यातायात बाधित हो गया। बागेश्वर-कपकोट की ओर आवाजाही करने वाले लोगों को बोल्डरों के ऊपर से जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ी।
मंगलवार सुबह बोल्डर हटाने के लिए दो जेसीबी लगाई गई। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद सड़क पर यातायात बहाल हो सका। पहाड़ी से लगातार मलबा और बोल्डर गिरने से करीब 50 मीटर लंबी सड़क खतरनाक बन गई है। यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए तो कभी भी वाहन सवारों या राहगीरों के साथ बड़ा हादसा हो सकता है।
इधर, बारिश से पोथिंग-उछात, कपकोट-कर्मी, कपकोट-पोलिंग, बागेश्वर-गिरेछीना मोटर मार्गों पर मलबा आ गया। आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक सभी सड़कों को खोलने के लिए जेसीबी तैनात की गई हैं। सड़क धंसने से कौसानी-भतेड़िया और कपकोट-पिंडारी मोटर मार्ग बंद हैं। इधर, मंगलवार को मौसम साफ रहा। दिनभर धूप खिली रही।