भारी बारिश से चट्टानें खिसकने के कारण बागेश्वर-गिरेछीना मोटर मार्ग पिछले चार दिनों से बंद पड़ा है। सड़क से अभी तक बोल्डर नहीं हटाए गए हैं। इससे हजारों की आबादी परेशान हैं।
चार दिन पूर्व मूसलाधार बारिश से बागेश्वर-गिरेछीना मोटर मार्ग में गणिया गांव के समीप विशाल चट्टानें खिसककर बीच सड़क में गिर गई थी। अभी तक यह बोल्डर नहीं हटाए गए हैं। बोल्डरों के नहीं हटने से यातायात ठप पड़ा हुआ है। स्थानीय गांवों के लोगों को बागेश्वर और सोमेश्वर जाने के लिए वाहन बदलने पड़ रहे हैं। ट्रांसमेंटशिप के कारण लोगों को अधिक पैसा देना पड़ रहा है। सड़क बंद होने से जीप चालक भी परेशान हैं। इस मार्ग के कम दूरी का होने से बागेश्वर से अल्मोड़ा के लिए अधिकांश वाहन इसी रूट से होकर संचालित होते हैं। लेकिन पिछले चार दिनों से सड़क के बंद होने से गरुड़-कौसानी होते हुए अल्मोड़ा जाना पड़ रहा है। परेशान लोगों ने विभाग से शीघ्र सड़क खोलने की मांग की है। इधर, विश्व बैंक के ईई एनएस माजिला ने बताया कि जिस स्थान पर चट्टानें गिरी हैं उसके समीप आबादी और खेत होने से उन्हें हटाने में सावधानी बरतनी जरूरी है। शुक्रवार तक सड़क खोल दी जाएगी।