मेरे बुजुर्ग मेरे तीर्थ योजना के तहत यात्रियों का 76 सदस्यीय दल सोमवार को यहां से बद्रीनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश सिंह ऐठानी ने इस दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दल मेें 45 पुरुष, 31 महिलाएं शामिल हैं।
76 बुजुर्ग यात्रियों का दल सुबह यहां तहसील मुख्यालय से दो बसों से रवाना हुआ। यात्रियों को रवाना करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश सिंह ऐठानी ने सरकार के इस कार्यक्रम की सराहना की। उन्हाेंने कहा कि राज्य सरकार ने बुजुर्गों के सम्मान, धार्मिक यात्रा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह मुफ्त यात्रा शुरू की है।
यात्रियों का पूरा खर्च सरकार उठाती है। यात्रा समन्वयक जिला पर्यटन अधिकारी आरएस ऐरी ने बताया कि बुजुर्ग यात्रियों की देखरेख के लिए निगम के प्रतिनिधि उत्तम सिंह बिष्ट को भेजा गया है।
यात्रा का समापन 11 जून को होगा। 11 की शाम तक यात्री बागेश्वर लौट आएंगे। इस मौके पर जिला विकास अधिकारी डा. महेश कुमार सहित केएमवीएन के कर्मचारी उपस्थित थे।