बागेश्वर में कीचड़ से सनी फल्यांटी-कपकोटी-ढोलगांव सड़क से गुजरता वाहन। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। फल्यांटी-कपकोटी-ढोलगांव सड़क डामर न होने से कीचड़ से सन गई है। वाहन चालकों को सड़क पर आवाजाही करने में जोखिम का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की बदहाली से तीन हजार की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
फल्यांटी-कपकोटी-ढोलगांव सड़क बदहाल हो गई है। वर्ष 2012 में सड़क कटान का कार्य हो गया था। आठ साल बाद भी सड़क पर डामरीकरण नहीं किया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर कई जगह गड्ढे हो गए हैं। इससे सड़क उबड़खाबड़ हो गई है। जरा सी बारिश होने पर सड़क पर जलभराव हो जा रहा है। वाहन चालकों को आवाजाही में दुर्घटना का भय सता रहा है। सड़क पर राहगीरों के लिए भी चलना मुश्किल हो रहा है। लोगों का कहना है कि सड़क को लेकर कई बार संबंधित विभाग को बताया गया है लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की गई है। सड़क की बदहाली से लोगों में भारी रोष है। समाजसेवी सुनील दोसाद, वाहन चालक भानु नेगी ने सड़क की मरम्मत करने और डामरीकरण करने की मांग की है। उन्होंने सड़क को दुरुस्त न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
सड़क में डामरीकरण के लिए मूल सड़क के निर्माण के बाद बचे पैसे का उपयोग करने के लिए शासन स्तर से अनुमति दिलाने का मामला क्षेत्रीय विधायक के सामने रखा गया है। जल्द जेसीबी मशीन भेजकर सड़क पर बने गड्ढे भरकर सड़क दुरुस्त कर दी जाएगी।
- केके तिलारा, ईई, लोनिवि खंड, बागेश्वर।