बाछम क्षेत्र की समस्याओं का समाधान नहीं होने से क्षेत्र के लोगों में रोष है। बुधवार को क्षेत्र के लोगों के एक शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी भूपाल सिंह मनराल से मुलाकात करके उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की है।
जिला पंचायत सदस्य भागीरथी देवी के नेतृत्व में आए ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से पिंडर नदी के ऊपर लगी ट्रालियों पर लगे पीआरडी के जवानों को रेनकोट, दस्ताने और टैंट उपलब्ध कराने, नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण लेबगड़ और रेटिंग में भूधंसाव से सुरक्षा के उपाय करने, बाछम में बनी पुल के दोनों ओर रेलिंग लगवाने, सुड़िंग नाले से हो रहे भूकटाव को रोकने की मांग की।
झूनी और मिकिलाखल्पट्टा में बने लकड़ी के पुलों को पक्का बनाने, लाहुर में स्टील गार्डर पुल के निर्माण को निविदाएं लगाने, पिंडर घाटी के आपदा प्रभावित गांवों का तुरंत विस्थापन करने, ग्राम पंचायत खाती और बोरबलड़ा के तोक समडर में बहे पुलों का शीघ्र पुुनर्निर्माण करने समेत पिंडर और सरयू घाटी में खाद्य सुरक्षा योजना के तहत बनाए गए राशन कार्डों के लाभार्थियों को शीघ्र खाद्यान्न देने की मांग की।
शिष्टमंडल में पूर्व विधायक शेर सिंह गढ़िया, ग्राम प्रधान केदार सिंह दानू, संजय, मादो राम, मोहन सिंह, जितेंद्र दानू और लाकपाल सिंह दानू आदि शामिल थे। डीएम ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।