बागेश्वर। पगना गांव के खोला तोक में प्रस्तावित ट्रंचिंग ग्राउंड के विरोध के बावजूद काम शुरू करने पर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों ने मौके पर जाकर हंगामा काटकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों के विरोध के बाद खोदाई का काम रोक दिया गया है। ग्रामीणों ने किसी भी हाल में कूड़ा निस्तारण स्थल नहीं बनने देने की चेतावनी दी है।
खोला तोक में नगरपालिका की ओर से ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए चयनित जमीन को ग्रामीण अपनी नाप और गौचर, पनघट की बताते आ रहे हैं। ग्रामीणाें का कहना है कि जहां कूड़ा निस्तारित करने की योजना है, वहां से आबादी और सरयू नदी की दूरी मात्र 100 मीटर है। कई बार ग्रामीणों ने नगरपालिका और डीएम कार्यालय में ज्ञापन भी दिए हैं। सोमवार को नगरपालिका ने काम शुरू करने के लिए जेसीबी मशीन को मौके पर भेजा तो लोग भड़क गए। ग्राम प्रधान राकेश नेगी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने खोदाई का काम रोक दिया। जेसीबी चालक से तत्काल वाहन हटाने को बोला। काम रुकने की सूचना के बाद ईओ विनोद सिंह जीना मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं थे। ग्राम प्रधान नेगी ने बताया कि बार-बार विरोध के बावजूद प्रशासन उनकी नहीं सुन रहा है।
चेतावनी दी कि जितनी बार मशीन भेजी जाएगी, ग्रामीण हर बार विरोध करेंगे। ईओ जीना ने बताया कि ग्रामीणों से वार्ता चल रही है। उम्मीद है जल्द ही मामले का समाधान हो जाएगा। इस मौके पर डीएन पांडेय, दया कृष्ण पांडेय, देवेंद्र पांडेय, जय कृष्ण टम्टा, ईश्वरी दत्त नैनवाल, गोकुला नंद, कृष्णा नैनवाल समेत तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।