तीन सितंबर को जहर मिला पानी पीने से हुई विवाहिता की मौत के मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने से परिजनों में गहरी नाराजगी है। विवाहिता के मायके वालों ने डीएम और एसपी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। विगत तीन सितंबर को गरुड़ के गागरीगोल निवासी रवि पांडे की पत्नी आरती पांडे की मौत हो गई थी। आरती के मायके वालों ने पानी में जहर मिलाकर मारने का आरोप लगाते हुए फौजी पति रवि पांडे, सास, ससुर और नंद के खिलाफ थाना बैजनाथ में 16 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने पर बुधवार को मृतका आरती के चाचा तारा चंद्र खुल्बे के नेतृत्व में ग्रामीण डीएम और एसपी से मिले। मायके पक्ष का कहना था कि आरती की हत्या होने के बावजूद पुलिस ने अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूछताछ करने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी द्वारा जांच की बात कही जाती है। डेढ़ माह बीतने के बाद भी बिसरा रिपोर्ट का कोई पता नहीं है।
आरती के मायके वालों ने मृतका को न्याय दिलाने के लिए डीएम और एसपी से शीघ्र आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में दीपक खुल्बे, खीमानंद खुल्बे आदि ग्रामीण शामिल थे। ग्रामीणों की मांग पर डीएम और एसपी ने इस मामले में शीघ्र उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।