बागेश्वर। कपकोट थाना पुलिस और एसओजी की टीम ने भराड़ी बाजार में दुकान से हुई चोरी का खुलासा कर दिया है। चोरी के करीब ढाई लाख रुपये के सामान के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
चोरों ने पिछले दिनों भराड़ी बाजार में स्थित फोटो स्टूडियो से कैमरे, मोबाइल फोन, कंप्यूटर की सीपीयू आदि सामान चोरी कर लिया था। दुकान स्वामी तारा सिंह कोरंगा को शनिवार को घटना का पता चला।
वह इन दिनों कोरोना कर्फ्यू के कारण स्टूडियो बंद कर अपने गांव चले गए थे। शनिवार को गांव से लौटे तो दुकान का शटर टूटा था। दुकान से तमाम सामान गायब था। उन्होंने पुलिस को चोरी की तहरीर दी।
थानाध्यक्ष मदन लाल और एसओजी की टीम ने रविवार को चोरी का खुलासा कर दिया। पुलिस ने शक के आधार पर पूछताछ के लिए चार युवकों को हिरासत में लिया।
चारों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इनके नाम पालीडूंगरा निवासी योगेश फर्स्वाण, मोहल्ला ऐठाण निवासी ललित कठायत उर्फ लक्की, पवन कुमार, मनीष ऐठानी बताए गए।
पुलिस ने उनकी निशानदेही पर उनके घर से 14 मोबाइल फोन, चार्जर, एक डीएसएलआर कैमरा, एक सीपीयू आदि सामान बरामद कर लिया।
बरामद सामान की कीमत करीब ढाई लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि चारों आरोपितों के खिलाफ धारा 457 और 380 में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस टीम में आरक्षी वीरेंद्र गैड़ा, राजेंद्र प्रसाद, प्रेम नाथ आदि थे।