बागेश्वर में वन्यजीव तस्करी का खुलासा करते एसपी मणिकांत मिश्रा। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। एसओजी और पुलिस टीम ने भालू की पित्ती और कस्तूरी के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। रविवार को आरोपी को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया।
एसपी मणिकांत मिश्रा ने रविवार को पुलिस कार्यालय में प्रेसवार्ता में बताया कि शनिवार को पुलिस और एसओजी की टीम ने सूचना के आधार पर कपकोट के पोथिंग तिराहे पर बोलेरो यूके 02 टीए 1706 को रोका तो वाहन चालक ने भागने की कोशिश की। पुलिस और एसओजी की टीम ने कुछ दूरी पर ग्राम काफली कमेड़ा (कपकोट) निवासी चालक प्रवीण सिंह (25) को पकड़ लिया। उससे 230 ग्राम की भालू की दो पित्तियां और 23 ग्राम कस्तूरी बरामद हुई। प्रवीण के खिलाफ कपकोट थाने में भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 2/9/39 बी/50/51, 2/57 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
एसपी ने बताया कि आरोपी का बरेली निवासी किसी व्यक्ति से सात लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। आरोपी ने वन्यजीव अंगों की तस्करी में कुछ और लोगों के नाम बताए हैं। जांच के बाद तस्करी में संलिप्त अन्य के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। एसपी मणिकांत मिश्रा ने पुलिस टीम को एक हजार रुपये का नकद इनाम दिया है।