बागेश्वर। जिले में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अगस्त महीने के वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। साथ ही जुलाई माह के वेतन का भी पूरा भुगतान नहीं होने से कार्यकर्ताओं के सम्मुख आर्थिक संकट गहराने लगा है।
जिले में 834 आंगनबाड़ी केंद्र हैं। सभी केंद्रों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद पर महिलाओं को नियुक्त किया गया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगठन की जिलाध्यक्ष भगवती जोशी ने बताया कि कार्यकर्ताओं को प्रतिमाह 9,300 रुपये मानदेय मिलता है। जिसके सापेक्ष बीते जुलाई में उन्हें केवल 4,700 रुपये का ही भुगतान हुआ है। सितंबर के 15 दिन बाद भी अब तक अगस्त महीने के मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है। मानदेय का भुगतान नहीं होने से कार्यकर्ताओं के सम्मुख आर्थिक संकट गहराने लगा है। जिले की अधिकांश कार्यकर्ताओं की आजीविका का साधन मानदेय ही है। मानदेय नहीं मिलने से उन्हें अपने घर के खर्च चलाने और बच्चों के स्कूल की फीस आदि जमा करने की परेशानी आ रही है।
कोट
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का वेतन जिले से प्रतिमाह बनाकर शासन को भेजा जा रहा है। वेतन न मिलने से संबंधित कोई शिकायत अभी तक उनके पास नहीं आई है। लिखित शिकायत मिलने के बाद मानदेय का भुगतान न होने के कारणों की जांच की जाएगी।
- डॉ. मंजुलता यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास विभाग बागेश्वर