कपकोट/गरुड़ (बागेश्वर)। मानदेय में बढ़ोतरी समेत अन्य मांगों के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का आंदोलन जारी है। गरुड़ और कपकोट में कार्यकर्ता धरने पर डटी हैं। उन्होंने जल्द मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।
कपकोट में ब्लॉक अध्यक्ष नीमा जोशी के नेतृत्व में बाल विकास कार्यालय के आगे बैठी कार्यकर्ताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी में कार्य करने के साथ अन्य कार्य भी करने होते हैं। लंबे समय से कम मानदेय के साथ काम कर रही हैं। इस कारण परिवार का खर्च उठाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस मौके पर द्रौपदी दानू, किरण गढ़िया आदि मौजूद रहीं। गरुड़ में आंगनबाड़ी संगठन की जिलाध्यक्ष कमला दानू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष विमला कोहली, प्रभा आर्या, चंपा खोलिया, सुनीता पांडे, कमला देवी आदि मौजूद रहीं। संवाद