अल्मोड़ा। जिले में वैक्सीन की कमी के बीच राहत की खबर है। अल्मोड़ा को टीके की नौ हजार डोज मिल गई हैं। 45 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए कोवाक्सीन की डोज मिली है। बृहस्पतिवार सुबह टीके की डोज अल्मोड़ा पहुंचेगी। इसके बाद नियमित टीकाकरण शुरू हो सकेगा। इधर बुधवार को किसी भी केंद्र में टीकाकरण नहीं हुआ।
जिले में टीके की कमी से बार-बार टीकाकरण प्रभावित हो रहा है। पिछले दिनों चार दिन चलने के बाद तीन नए टीकाकरण केंद्र बंद कर दिए गए। सप्ताह में दो दिन जिले के सभी केंद्रों में टीकाकरण बंद किया गया है। सैनिटाइजेशन का हवाला देते हुए बुधवार और रविवार टीकाकरण पूरी तरह से बंद रखा गया है। हालांकि इसके पीछे टीके की कमी को वजह माना जा रहा है। इधर सीएमओ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार 45 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए राज्य सरकार से कोवाक्सीन की नौ हजार डोज मिली हैं। बृहस्पतिवार को टीके की डोज अल्मोड़ा पहुंचेगी।