अल्मोड़ा। अल्मोड़ा-बागेश्वर एनएच की बदहाली से लोग परेशान हैं। हालत इतनी खराब हो चुकी है कि रोजाना यात्रियों और स्थानीय लोगों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। इसके बाद भी एनएच इसे ठीक करने के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
रविवार को संवाद न्यूज एजेंसी ने अल्मोड़ा-बागेश्वर एनएच की पड़ताल की। पड़ताल के दौरान देखा गया कि लक्ष्मेश्वर से धार की तूनी में एनएच के पास सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। नालियों के बंद होने से सड़कों पर पानी बह रहा है। धार की तूनी के पास सड़क का डामर उखड़ने के बाद हो रही धूल से लोग परेशान थे। स्थानीय व्यापारियों और अन्य लोगों का कहना है कि धूल से बचने के लिए पानी डालते रहते हैं। कुछ समय बाद स्थिति जस की तस हो जाती है। बारिश होने पर कीचड़ होने से आवागमन में दिक्कत होती है। इसके अलावा सेल, कालीमठ आदि क्षेत्रों में सड़क में जगह-जगह गड्ढे होने से लोग परेशान हैं।
लोगों ने गड्ढों को भरने की मांग की है। एनएच के ईई अशोक चौधरी का कहना है कि बरसात के बाद सड़क को ठीक करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
भतरौंजखा-भिकियासैंण सड़क बदहाल
अल्मोड़ा। भतरौंजखान- भिकियासैंण सड़क सिनौङा के पास सड़क पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। यह सड़क कुमाऊं और गढ़वाल दोनों सड़कों को जोड़ती है। इस मार्ग से बद्रीनाथ केदारनाथ हेमकुंड को जाने वाले यात्रियों को यहां पर गाड़ियों को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है। शासन-प्रशासन ने अभी तक इस सड़क की कोई सुध नहीं ली गई है। संवाद