जिले के सभी शिक्षक संगठनों ने ड्रेस कोड का विरोध किया है। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ, जूनियर हाइस्कूल शिक्षक संघ और एससीएसटी शिक्षक एसोसिएशन सहित अन्य शिक्षक संगठनों का कहना है कि जबरन थोपे जा रहे ड्रेस कोड को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष विक्रम पिलख्वाल ने बताया कि उनका संगठन ड्रेस कोड का विरोध करता है। इसकी जानकारी शिक्षा अधिकारियों को भी दी गई है। राजकीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के अध्यक्ष चरण सिंह बघरी ने कहा कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता है, ड्रेस कोड स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने भी मुख्य शिक्षा अधिकारी को ड्रेस कोड के विरोध से संबंधित जानकारी दे दी है। इधर, एससीएसटी एसोसिएशन ने भी ड्रेस कोड का विरोध करते हुए सीईओ को ज्ञापन सौंपा है।
जिला अध्यक्ष संजय कुमार टम्टा और जिला मंत्री गिरीश चंद्र धौनी ने कहा है कि सरकार द्वारा शिक्षकों पर एक अगस्त से ड्रेस कोड की अनिवार्यता को शिक्षक कर्मचारी सेवा नियमावली में शामिल करने के बाद ही लागू किया जाए। उन्होंने सभी शिक्षक संगठनों से सफल वार्ता के बाद ही ड्रेस कोड के निर्णय को स्वीकार करने की बात कही है।