कठायतबाड़ा स्थित पीडब्लूडी तिराहे के पास मैक्स जीप और एक बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। इसके बाद अनियंत्रित जीप चाय के खोखे में घुस गई। इस घटना में व्यापारी तो बाल-बाल बच गया, लेकिन खोखा ध्वस्त हो गया। बाइक सवार दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार करने के बाद छुट्टी दे दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को दिन में वन विभाग में कार्यरत प्रयाग दत्त और तारा सिंह बाइक से विभागीय कार्य से बाजार को आ रहे थे। पीडब्लूडी तिराहे में मैक्स जीप संख्या यूके 02-टीए 0761 और बाइक में भिड़ंत हो गई। इस भिड़ंत में दोनों बाइक सवार घायल हो गए। इस दौरान बाइक को बचाने के प्रयास में जीप सामने पान सिंह गढ़िया के चाय के खोखे में घुस गई। इस हादसे में पान सिंह बाल-बाल बच गया जबकि उसका खोखा ध्वस्त हो गया। इस घटना के बाद पुलिस जीप चालक को थाने ले आई।
हालांकि इस मामले में देर शाम तक किसी की ओर से भी तहरीर नहीं दी गई थी। जिस स्थान पर वाहनों की भिड़ंत हुई वह बेहद तीखा मोड़ है। खतरनाक मोड़ पर वाहनों के खड़ा रहने से हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।