बागेश्वर। मंडलसेरा बाइपास में कुत्ते को बचाने के चक्कर में एक कैंटर अनियंत्रित होकर बिजली के खंबे से जा टकराया। इस घटना में कुछ ही दूरी पर बैठे बच्चे बाल-बाल बच गए। कैंटर के टकराने से बिजली के दो पोल क्षतिग्रस्त हो गए। मंगलवार को एक कैंटर यूके 04-सीए 4363 तेज रफ्तार से मंडलसेरा बाइपास को जा रहा था।
इसी दौरान एक कुत्ता कैंटर के सामने आ गया। कुत्ते को बचाने के चक्कर में कैंटर चालक ने तेजी से ब्रेक मारा। इससे वाहन अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गया। इस दौरान कैंटर का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बिजली का एक खंबा टेड़ा हो गया जबकि तारों के खिंचने से दूसरा पोल एक ओर को झुक गया।
घटना में कैंटर चालक को कोई चोट नहीं पहुंची, जबकि बिजली के खंबे से कुछ दूरी पर बैठे बच्चे भी बाल-बाल बच गए। लोगों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस कैंटर चालक को वाहन सहित कोतवाली ले गई। कैंटर चालक द्वारा विद्युत विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में नुकसान की भरपाई करने का वायदा करने पर उसे छोड़ दिया गया।
बागेश्वर। मंडलसेरा बाइपास रोड में हॉटमिक्स होने के बाद वाहन तेजी से दौड़ रहे हैं। इसके चलते राहगीरों को हर समय खतरा बना रहता है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए स्पीड ब्रेकर बनाने और ओवर स्पीड में दौड़ने वाले वाहनों को सीज करने की मांग की है।