बागेश्वर में क्राइम बैठक लेते एसपी मुकेश कुमार।
- फोटो : amar ujala
एसपी मुकेश कुमार ने मासिक अपराध समीक्षा बैठक में बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की कार्यवाही पर असंतोष जताया। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों और चौकी प्रभारियों से बाहरी लोगों के सत्यापन में तेजी लाने और यातायात व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए। एसपी ने थानाध्यक्षों को अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए।
शनिवार को पुलिस आफिस में आयोजित क्राइम बैठक में एसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याओं को सुना। उन्होंने टीएसआई को शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु करने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने समय-समय पर यातायात जागरूकता संबंधी अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा लंबित विवेचनाओं का प्राथमिकता से खुलासा करने, समन, वारंट की शीघ्र तामीली सहित थाना क्षेत्र में कोई घटना होने पर शीघ्र कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने आपदा के मौसम में किसी तरह की घटना होने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य करने को कहा। एसपी ने कहा कि किसी क्षेत्र में अवैध शराब का मामला प्रकाश में आने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की धीमी कार्यवाही पर कड़ा असंतोष व्यक्त करते हुए सत्यापन गंभीरता से करने को कहा। बैठक में सीओ कपकोट महेश चंद्र जोशी, सीओ बागेश्वर बीर सिंह, एसपीओ भूपेंद्र सिंह आदि थे।