अल्मोड़ा/बागेश्वर। प्रदेश सरकार की ओर से राज्य आंदोलनकारियों के आरक्षण समाप्त और नोटिस भेजने के मामले को लेकर आम आदमी पार्टी में भारी रोष है। शुक्रवार को बागेश्वर और अल्मोड़ा जिले में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार पर राज्य आंदोलनकारियों के हितों की रक्षा करने में असफलता का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।
बागेश्वर में आप के प्रदेश उपाध्यक्ष बसंत कुमार और संगठन मंत्री सुंदर धौनी के नेतृत्व में गांधी पार्क में धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं ने कहा कि वर्ष 2011 से राज्य आंदोलनकारियों को सरकारी सेवाओं में आरक्षण देने का मामला उत्तराखंड हाईकोर्ट में चल रहा था। ठोस पैरवी नहीं होने से हाईकोर्ट ने आरक्षण के प्रावधान को 2018 में निरस्त कर दिया। उनका आरोप है कि भाजपा सरकार ने कोर्ट के आदेश को निष्प्रभावी करने के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किए। इससे स्पष्ट होता है कि भाजपा आंदोलनकारियों का हित नहीं चाहती है। धरने में पूरन मेहता, पुष्कर जोशी, गोविंद सिंह, भीम कुमार, प्रमोद कुमार, शशांक वर्धन, निशा देवी, सपना, सरिता आदि बैठे।
अल्मोड़ा में आप कार्यकर्ताओं ने प्रदेश उपाध्यक्ष अमित जोशी के नेतृत्व में चौघानपाटा में प्रदर्शन किया। प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि अगर सरकार में थोड़ी भी नैतिकता होती तो विधानसभा में विधेयक लाकर इस पर कानून बनाती और आंदोलनकारियों की समस्या का निवारण करती। लेकिन सरकार ने ऐसा नहीं किया बल्कि विभागों को इन आंदोलनकारियों को हटाने का फरमान जारी कर दिया। इस प्रकरण में प्रदेश के लगभग 600 आंदोलनकारियों को सरकार की ओर से नोटिस भेजा जा रहा है, कि हाईकोर्ट ने उन्हें दिया आरक्षण समाप्त कर दिया है। प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि आम आदमी पार्टी हर उत्तराखंडी के हितों और सम्मान की रक्षा करने के लिए तत्पर हैं। वहां जिला उपाध्यक्ष आनंद सिंह बिष्ट, जिला महामंत्री जगमोहन फर्त्याल, रोहित सिंह, नीरज सिंह, सौरभ पांडे, अखिलेश टम्टा आदि थे।
चौखुटिया और रानीखेत में भी प्रदर्शन
रानीखेत/चौखुटिया (अल्मोड़ा)। रानीखेत में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक पर प्रदर्शन कर कहा कि सरकारों की लापरवाही के चलते राज्य आंदोलनकारियों के कई मुद्दे अभी भी अनसुलझे हैं। कहा कि पार्टी मुद्दे को लेकर आगे भी प्रदर्शन करेगी। वहां संगठन मंत्री संजीव जोशी, जगदीश जोशी, प्रशांत बिष्ट, हितेंद्र अधिकारी, त्रिलोक बिष्ट, सोबन सिंह बोरा आदि थे। चौखुटिया में क्षैतिज आरक्षण सहित अन्य सुविधाओं पर कटौती की कोशिश के विरोध में आप कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार में प्रदर्शन किया। प्रकाश चंद्र उपाध्याय ने सरकार से शहीदों का सम्मान करने की अपील की। वहां जिला समन्वयक राजेंद्र तिवारी, शिवकुमार, निर्मला देवी, देवकी देवी आदि थे।
पदोन्नति कोटा 75 फीसदी करने की मांग
अल्मोड़ा। जल निगम जल संस्थान मजदूर यूनियन ने सीएम को ज्ञापन भेजकर पेयजल निगम में नियमित फील्ड कर्मचारियों के लिए कनिष्ठ सहायक और कनिष्ठ अभियंता के पदों पर पदोन्नति का 75 फीसदी कोटा निर्धारित करने समेत अन्य समस्याओं के समाधान की मांग उठाई है।
संगठन के जिलाध्यक्ष हरीश सनवाल और सचिव दिनेश तिवारी ने ज्ञापन में नियमित फील्ड कर्मचारियों के आश्रितों को विभाग में योग्यता के आधार पर तृतीय श्रेणी पदों पर तैनाती देने, लोनिवि की तरह विभाग में वर्क एजेंट, वर्क सुपरवाइजर, पंप आपरेटर, फीटर आदि पदों को समूह (ग) का मानते हुए ग्रेड वेतन 2400 रुपये निर्धारित किया जाए। इसके अलावा नियमित कर्मचारी फील्ड अधिष्ठान में कार्यरत तकनीकी और फील्ड कार्मिक वर्क एजेंट, फीटर, पंप आपरेटर, इलेक्ट्रानिक आदि पदों की पदोन्नति कनिष्ठ अभियंता पद पर करने, चौकीदार को फील्ड और अन्य अधिष्ठान में कम से कम तीन पदोन्नतियां देने की मांग की है।