बागेश्वर। बागेश्वर में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए टीकाकरण जारी है। शनिवार को वैक्सीन की 25 हजार नई डोज पहुंचेंगी। जिले में डेढ़ हजार डोज पहले से उपलब्ध है। जिला टीकाकरण प्रभारी डॉ. प्रमोद जंगपांगी ने बताया कि फिलहाल जिले में टीके की कमी नहीं है। शनिवार को बागेश्वर स्वास्थ्य विभाग को कोरोना के टीके की 25 हजार डोज मिलने जा रही है। इसमें पांच हजार कोवाक्सीन और 20 हजार डोज कोविशील्ड की होंगी।
अल्मोड़ा में दूर होगी टीके की किल्लत : अल्मोड़ा जिले में टीकाकरण की कमी के बीच शुक्रवार को मात्र दो केंद्रों में ही युवाओं का टीकाकरण हो सका। 45 से अधिक उम्र के लोगों के लिए भी कम ही केंद्रों में टीकाकरण हुआ। राहत की बात यह है कि जिले को कोरोना टीके की 20 हजार डोज आवंटित हो गई है। शनिवार को टीके की खेप अल्मोड़ा पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद जिले में नियमित टीकाकरण होने का अनुमान है।
अल्मोड़ा में टीकाकरण की कमी आम होती जा रही है। बीते दिनों टीके की 14 हजार डोज मिलने के बाद जिले में टीकाकरण की समस्या दूर हुई लेकिन बुधवार को एक ही दिन में रिकॉर्ड तोड़ 26 केंद्रों में युवाओं का टीकाकरण होने के बाद अगले दिन से फिर टीके की कमी बन गई। इस कारण शुक्रवार को भी दो ही केंद्रों में युवाओं का टीकाकरण हो सका। 45 से अधिक उम्र के लोगों को भी कुछ ही केंद्रों में टीका लग सका।
सीएमओ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार राज्य सरकार की ओर से जिले को टीके की 20 हजार डोज का आवंटित हो गया है। इसमें 10 हजार डोज कोविशील्ड और 10 हजार डोज कोवाक्सीन की हैं। शनिवार को टीके की खेप पहुंचने की उम्मीद है। केंद्रों को टीका उपलब्ध कराने के बाद जिले में नियमित टीकाकरण हो सकेगा।