बागेश्वर। जिला अस्पताल में चिकित्सकों की हड़ताल के बीच जांच कराने आई नाबालिग गर्भवती का मामला भी चर्चा में रहा। चिकित्सकों के अनुसार किशोरी करीब आठ महीने की गर्भवती लग रही थी। सूचना पर पुलिस ने किशोरी को वन स्टॉप सेंटर में भेज दिया है।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को एक गर्भवती किशोरी महिला चिकित्सक से जांच कराने पहुंची था। महिला चिकित्साधिकारी डॉ. गायत्री पांगती ने बताया कि सभी चिकित्सक आंदोलन में थे। ओपीडी में जांच नहीं होने से किशोरी इमरजेंसी में गई। इमरजेंसी से कॉल आने पर वह किशोरी को देखने गईं।
किशोरी करीब 17 साल की थी और करीब आठ महीने की गर्भवती लग रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस जिला अस्पताल में पहुंची।
एसएसआई खष्टी बिष्ट ने बताया कि किशोरी के परिजनों को सूचना देने के बाद किशोरी को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है। सीओ अजय लाल साह ने बताया कि किशोरी की आज मेडिकल जांच कराई जाएगी। पूछताछ के बाद ही मामले का पता चल सकेगा।