युवती पर चाकू से हमला करने का आरोपी युवक। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
कपकोट/बागेश्वर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के रहने वाले एक युवक ने कपकोट क्षेत्र की एक लड़की पर घर में घुसकर चाकू से हमला कर दिया। इस बीच छीनाझपटी में वह खुद भी चोटिल हो गया। दोनों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। युवती के चचेरे भाई ने हमलावर और उसके दोस्त के खिलाफ कपकोट थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। इस घटना के बाद से क्षेत्र के लोगों में युवक के खिलाफ गुस्सा है।
खानपुर गुजर, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी ओम पुरी (37) भराड़ी के एक होटल में काम करता है। उसका कपकोट में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई करने वाली एक युवती से परिचय हुआ। दोनों में बातचीत होने लगी। ओम ने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा लेकिन युवती ने साफ इनकार कर दिया इस पर वह नाराज हो गया। बृहस्पतिवार की शाम युवती बघर गांव में अपने घर गई हुई थी। वह अपने कमरे में थी। इस दौरान ओम अपने दोस्त पोथिंग निवासी राजेंद्र सिंह के साथ उसके कमरे में घुस गया। उसने युवती से गाली गलौज की और चाकू से हमला कर दिया। चाकू युवती के गले पर लगा और वह घायल हो गई। शोर सुनकर युवती के परिजन कमरे में पहुंचे।
उन्होंने ओम से चाकू छीनने की कोशिश की जिसमें उसे भी चाकू लग गया। युवती के परिजनों ने दोनों को कपकोट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने दोनों का प्राथमिक इलाज किया। चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेश रावत ने बताया कि गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल में रेफर किया गया है। इधर, सीओ विपिन चंद्र पंत ने बताया कि युवती के चचेरे भाई की तहरीर पर आरोपी युवक और उसके साथी के खिलाफ धारा 307, 506, 120 बी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जाएगी।