बागेश्वर। ‘कड़ी धूप में जलते पांव वृक्ष लगाओ मिलेगी छांव’ नारे के साथ बृहस्पतिवार को विश्व पर्यावरण दिवस पर जिले के विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने जागरूकता रैली निकाली। बागनाथ मंदिर और संगम पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। मुख्य अतिथि एसपी एनएस नपलच्याल ने पर्यावरण को लेकर चिंता जताई।
रैली में शामिल एनसीसी कैडेटों, एनएसएस स्वयंसेवियों, वन, पुलिस विभाग, नगर पालिका परिषद के कर्मियों और छात्र छात्राओं ने संगम से पॉलीथिन और कूड़ा अलग किया। इससे पूर्व डायट सभागार में हुई गोष्ठी में विशिष्ट अतिथि सिविल जज सीनियर डिवीजन चंद्रमणि राय ने ग्लोबल वार्मिंग से पृथ्वी को हो रहे खतरे से सभी को सावधान रहना होगा। मुख्य अतिथि ने पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित प्रतियोगिताओं में अव्वल रहे बच्चों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र भेंट किए। संचालन एनसीसी अधिकारी दीप चंद्र जोशी ने किया। गोष्ठी में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी पीकेे तिवाड़ी, बार के जिलाध्यक्ष विनोद भट्ट, वृक्ष मित्र किशन मलड़ा, एसीएफ एसएन त्रिपाठी, डीएसपी दानी राम, कोतवाल सीएस बिष्ट, केशवानंद जोशी, बीएस कोरंगा, डा. केएस रावत, डा. केएन कांडपाल, एडवोकेट गोविंद उपाध्याय आदि मौजूद थे।
उधर जीआईसी बदियाकोट के बच्चों ने भी रैली निकाली और पौंध रोपण किया। प्रधानाचार्य त्रिलोक सिंह बिष्ट ने जीवन में पर्यावरण के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। इंटर कालेज शामा में ईको क्लब, एनएसएस और स्काउट गाइडों ने क्यारियों की गुड़ाई निराई की।