गरुड़/चौखुटिया। भीषण बारिश से कुलाऊं और नैकाना खुमटिया पेयजल योजना ध्वस्त हो गई है। जिससे दोनों गांवों में पेयजल संकट गहरा गया है। उधर लाहुर घाटी में बारिश से सैलानी बालीघाट मोटर मार्ग जगह-जगह पर ध्वस्त हो गया है। उधर मूसलाधार बारिश से चौखुटिया के खचार नाले में आई बाढ़ के कारण नाले के किनारे के कई गावों की जमीन में मलबा भर गया जिससे धान की फसल बर्बाद हो गई है। जबकि कुछ स्थानों पर खेतों में भारी भू कटाव हुआ है। उधर बाखली आदि क्षेत्रों में भी नालों में आए उफान से धान के पौध बह गए हैं।
लाहुर घाटी और कुलाऊं क्षेत्र में सोमवार की रात हुई भीषण बारिश से नैकाना खुमटिया पेयजल योजना ध्वस्त हो गई है। नैकाना की प्रधान प्रेमा परिहार ने बताया कि पेयजल योजना ध्वस्त होने से गांव में पेयजल संकट गहरा गया है। उन्होंने बताया कि बारिश से सैलानी मोटर मार्ग भी जगह-जगह ध्वस्त होने और जगह-जगह पर मलबा आने से वाहनों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। उधर कुलाऊं में भी पेयजल योजना क्षतिग्रस्त हो गई है। ग्राम प्रधान किसन सिंह रावत ने बताया कि बारिश से पाइप लाइन तथा योजना का हेड क्षतिग्रस्त हो गया है। कत्यूर घाटी में मंगलवार के पूर्वाह्न भीषण बारिश हुई। बारिश से गोमती और गरुड़ गंगा का जलस्तर कुछ बढ़ गया है।