बागेश्वर। जिलाधिकारी डा. वी षणमुगम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह राष्ट्रीय बचत योजनाओं में निवेश बढ़ाने में आगे आए। चालू वित्त वर्ष में जिले के सी श्रेणी में पहुंचने पर नाराजगी जताई। वह जिला योजना, राज्य सेक्टर, केंद्र पोषित तथा बाह्य सहायतित योजनाओं की समीक्षा बैठक को बतौर अध्यक्ष संबोधित कर रहे थे।
कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कतिपय विभागों द्वारा समयानुपात के अनुसार व्यय नहीं करने पर सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को लक्ष्य की पूर्ति में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश अब समाप्त हो गई है। अब निर्माण कार्यों में तेजी लाकर नवंबर तक सभी निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। आपदा के तहत क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों का आगणन को शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। लोनिवि तथा पीएमजीएसवाई को बंद सड़कों को शीघ्र खोलने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता सिंचाई को बैजनाथ झील के निर्माण कार्य नवंबर तक हर हाल में करने के निर्देश दिए। इंदिरा आवास के लक्ष्य पूर्ति करने वाले अधिकारियों की सराहना की। इसी तरह अन्य लक्ष्यों को भी पूरा करने के निर्देश दिए। जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि वह अपने अधीन सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को बचत खाता खोलकर बचत योजना में योगदान दें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रोशन लाल, जिला विकास अधिकारी देवेंद्र सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी लालता प्रसाद, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. चंद्रा पंत सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद थे।