बागेश्वर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान बागेश्वर में सार्वजनिक शिक्षा पर 14 नवंबर से दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। डायट के प्रभारी प्राचार्य डॉ. शैलेंद्र धपोला ने बताया कि संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक शिक्षा में देश भर में हो रहे परिवर्तनों पर चर्चा करना है। नीतिगत स्तर पर हो रहे बदलाव पर भी विषय विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे।
16 उपविषयों पर देश के विभिन्न हिस्सों से आए शोधार्थियों द्वारा शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। बागेश्वर प्रदेश का पहला ऐसा संस्थान है जहां एक साल के भीतर ही दूसरी राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की जा रही है। संगोष्ठी का शुभारंभ उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के सदस्य प्रो. एनएस भंडारी व डीएम रंजना राजगुरु करेंगी। राष्ट्रीय संगोष्ठी को दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो. विकास गुप्ता, लोकेश मालती प्रकाश, आशुतोष उपाध्याय, डॉ. अरुण कुकशाल आदि संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय संगोष्ठी की सफलता को लेकर बागेश्वर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में संजय गुरुरानी, डॉ. केएस रावत, डॉ. राजीव जोशी, रवि कुमार जोशी, डॉ. प्रेम सिंह मावड़ी, बीडी पांडे, केपी चंदोला, आद्या प्रसाद सिंह, केएन जोशी, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. सीएम जोशी आदि थे।