बागेश्वर। श्री बागनाथ मंदिर प्रबंधन समिति ने पुलिस अधीक्षक को पत्र देकर सावन महीने में पौराणिक बागनाथ मंदिर में होने वाले मेलों और पर्वाें पर सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद रखने की मांग की है।
कप्तान को सौंपे पत्र में समिति ने कहा है कि 17 जुलाई से सावन शुरू हो रहा है। इस महीने के हर सोमवार को बागनाथ जी, बाणेश्वर भगवान के जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इसी महीने में काली चतुर्दशी और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी भी है। इस दौरान श्रद्धालुओं से मंदिर परिसर खचाखच भरा रहता है। भीड़ में किसी प्रकार का कोई हादसा, चोरी, चेन स्केंचिंग जैसी अप्रिय घटना न हो इसके लिए मंदिर के गर्भ गृह और परिसर में पर्याप्त मात्रा में महिला-पुरुष कांस्टेबलों की तैनाती की जाए। पत्र देने वालों में प्रबंध समिति के अध्यक्ष नंदन सिंह रावल, प्रधान पुजारी भरत सिंह रावल, बाला दत्त तिवारी, राजा साह, चंदन गढ़िया, इंद्र सिंह परिहार, अर्नव साह गंगोला, आनंद बल्लभ कांडपाल और महिपाल भरड़ा आदि थे।