कपकोट (बागेश्वर)। कैवल्या एजुकेशनल फाउंडेशन की ओर से नैकाना, समालगांव और भनार के प्राइमरी स्कूलों में अभिभावकों की कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों का बच्चों के प्रति दायित्व और बच्चों की शिक्षा में उनकी भूमिका था। वक्ताओं ने कहा कि शीतकालीन अवकाश में अभिभावक अपने पाल्यों की पढ़ाई जारी रखने में सहायता कर सकते हैं।
कार्यशाला में अभिभावकों को बताया गया कि वह खेल खेल में, बातचीत और पूछताछ के जरिये बच्चों को सीखने और सिखाने की विधा को बढ़ावा दे सकते हैं। इसके लिए अभिभावकों की शिक्षा आड़े नहीं आएगी। अभिभावक अपने आसपास की चीजों को जोड़कर बच्चों का ज्ञान बढ़ा सकते हैं। वह अनेक उदाहरणों के जरिए बच्चों में हिंदी, गणित और पर्यावरण आदि विषयों के बारे में बच्चों की समझ विकसित कर सकते हैं। कार्यशाला में अभिभावकों को गणित, हिंदी व अन्य विषयों से चर्चा संबंधित वर्कशीट दी गई। अभिभावकों ने प्राथमिक शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए कई सुझाव दिए और भविष्य में भी इस तरह की कार्यशाला के आयोजन पर जोर दिया। वहां प्रधानाध्यापक दरपान सिंह नैकाना, सहायक अध्यापिका गंगा कोरंगा, शोभा, बबीता अभिभावक, फाउंडेशन के प्रोग्राम लीडर रोहित गुप्ता, गांधी फेलो अनुष्का मेनन, सिंलंबरसन और श्वेता जादौन थे। ब्यूरो