बागेश्वर। कपकोट थाना अंतर्गत यूनियन बैंक के समीप बाइक की टक्कर से राहगीर की मौत हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार घायल हो गया। घायल को कपकोट में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस के मुताबिक बाइक सवार नवीन कपकोटी पुत्र गोविंद सिंह निवासी दोबाड़ से अपनी बाइक संख्या यूके 02- 2809 में सवार होकर कपकोट की तरफ आ रहा था। यूनियन बैंक के पास उसकी सड़क पार कर रहे बहादुर सिंह (82) पुत्र त्रिलोक सिंह निवासी झोपड़ा से टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही बहादुर सिंह बेहोश हो गए। आस पास के लोगों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट में भर्ती कराया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। दुर्घटना में घायल बाइक सवार नवीन कपकोटी को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। कपकोट पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक कब्जे में ले ली है। ब्यूरो