बागेश्वर/ गरुड़। दिवाली त्योहार के चलते बागेश्वर बाजार में दिन भर चहल पहल रही। बर्तन बाजार, पटाखा बाजार, ज्वैलरी, वाहन बाजार में ग्राहकों की भीड़ रही। ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की। मंगलवार को सुबह से लेकर देर शाम तक नगर के कत्यूर बाजार, चौक बाजार, दुग बाजार, नुमाइश मार्ग आदि स्थानों में खरीदारों की भीड़ रही। दूसरे दिन भी बाजार में खूब धन वर्षा हुई। नगर के विभिन्न बाजारों में 25 लाख से अधिक खरीदारी हुई।
इधर गरुड़ और कौसानी के बाजार में लोगों ने जमकर खरीदारी की। बाजार में बढ़ती भीड़ देखकर पुलिस प्रशासन को यातायात व्यवस्था बनाने में काफी पसीना बहाना पड़ा। दिवाली पर्व के दूसरे दिन गरुड़, कौसानी, डंगोली, गागरीगोल बाजार में सुबह से लोगों की भीड़ रही। गरुड़ बाजार में बढ़ती भीड़ देखकर स्थानीय पुलिस प्रशासन को बाजार में टैक्सी वाहनों के आवागमन पर रोक लगानी पड़ी। इलेक्ट्रानिक्स, मिठाई, खिले खिलौने, पटाखे की दुकानों में खासी भीड़ रही।