बागेश्वर। विकास खंड के बजां गांव के नदीला तोक में एक तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया है। पिछले कई दिनों से तेंदुए के आबादी में आवाजाही से लोग भयभीत थे। वन विभाग ने वहां पिंजरा लगाया था। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
शनिवार तड़के चार बजे तेंदुआ नदीला में लगाए गए पिंजरे में फंस गया। पिंजरे में फंसे तेंदुए की गुर्राहट सुनकर ग्रामीणों को इसका पता चला। तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों का मजमा लग गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे फारेस्टर प्रयाग भट्ट, रेंजर मोहन सिंह नयाल और वन कर्मी तेंदुए को मुख्यालय में रेंज हाउस ले आए। डीएफओ आरके सिंह ने बताया कि तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद जंगल में छोड़ने पर फैसला होगा। बता दें कि नदीला में काफी समय से तेंदुआ आबादी के आसपास मंडरा रहा था। खतरे को देखते हुए ग्रामीणों की मांग पर विभाग ने पिंजरा लगाया था।