बागेश्वर। कूर्मांचल केसरी बद्री दत्त पांडे राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। पूजा गढ़िया की टीम ने कुमाऊंनी गीत ठंडो रे ठंडो रे मेरो पहाड़ैकि... गीत गाया तो सभी विद्यार्थी झूम उठे।
कॉलेज सभागार में आयोजित वार्षिकोत्सव का शुभारंभ भातखंडे से अवकाश प्राप्त संगीतज्ञ गिरीश चंद्र जोशी ने किया। जोशी समेत विधायक चंदन राम दास ने भी छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया। बबीता कुंवर की टोली ने नेपाली समूह नृत्य, रुचिता, साथी ने लघु नाटिका नारी अस्मिता, पल्लवी ने एकल नृत्य मोरे बंसी बजइया..., बीएड के नवीन सिंह ने गजल होश वालों को खबर क्या..., कौशल की टीम ने एकल गायन मेरे रश्के कमर..., बीएड की छात्राओं ने रीमिक्स, प्रियंका ने एकल नृत्य, सोनी भारती ने डोला रे..., काजल ने लौंग इलायची..., रांची मेहता ने ऐ तेरी गलियां..., करिश्मा त्रिकोटी ने दिल ने ये कहा..., मनीषा चुनेरा ने गीत गोपुली..., बबीता कुंवर की टीम ने पंजाबी गीत में समूह नृत्य किया। दीप्ति धोनी, सौरभ जोशी, संजय थापा, गोकुल कुमार ने भी मन मोहा। अतिथियों ने वर्षभर की गतिविधियों के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, पुरस्कार भेंट किए। इससे पहले प्राचार्य डॉ. एससी पंत ने वार्षिक आख्या पढ़ी। प्राध्यापक डॉ. बीसी तिवारी ने चार मेधावी छात्रा भावना दानू को पांच हजार, भगवती दानू, ज्योति पांडे, पूजा भट्ट को 25-25 सौ रुपये देकर पुरस्कृत किया। सांस्कृतिक परिषद की डॉ. भगवती नेगी ने संचालन किया। वहां ब्लॉक प्रमुख रेखा खेतवाल, निवर्तमान नगर पालिकाध्यक्ष गीता रावल, किशन मलड़ा, मोहन जोशी, दलीप खेतवाल, नरेंद्र खेतवाल, डॉ. एसएस धपोला, डॉ. नरेश कुमार, डॉ. दीपा आदि थे।