बागेश्वर। राजीव गांधी नवोदय विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक में डीएम रंजना राजगुरु ने प्रधानाचार्य को बच्चों के लिए बनने वाले भोजन व्यवस्था की प्रतिदिन मॉनीटरिंग और खाने से पहले भोजन का परीक्षण कराने के निर्देश दिए।
आवासीय कक्षों की छत पर घटिया टिन की चादरें लगाने पर ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाते हुए टिन बदलने और कक्षों की दीवारों में दोबारा पेंटिंग के निर्देश दिए।
डीएम ने रसोई में गंदगी पर नाराजगी जताते हुए नियमित सफाई करने को कहा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों से विद्यालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। पेयजल की समस्या पर उन्होंने जल संस्थान के ईई को आपूर्ति सुचारु करने के निर्देश दिए।
इसके बाद हुई बैठक में उन्होंने रिक्त शिक्षकों के पदों में तैनाती के लिए प्राचार्य को विज्ञप्ति जारी करने को कहा। संविदा शिक्षकों के सेवा विस्तार, विद्यालय में एक पुरुष और एक महिला पीआरडी, कनिष्ठ सहायक, कंप्यूटर ऑपरेटर की वाह्य स्रोत से तैनाती करने पर सहमति दी गई।
डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को 15 दिन में डॉक्टर भेजकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करने को कहा। बैठक में सीडीओ एसएसएस पांगती, सीईओ हरीश चंद्र सिंह रावत, एसडीएम एसएस राणा, डीईओ नरेश शर्मा, बीईओ डॉ. बृजेंद्र जोशी, प्रधानाचार्य शशि प्रकाश यादव, पीटीए अध्यक्ष मुरलीधर जोशी आदि थे।