बागेश्वर। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत सड़क का निर्माण आबादी के बजाय जंगल से किया जा रहा है। आबादी से सर्वे नहीं होने से तोली गांव के विभिन्न तोकों के लगभग 60 परिवारों को सड़क सुविधा से वंचित रहना पड़ेगा। इससे क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। क्षेत्रवासियों ने सभी तोकों को जोड़ते हुए सड़क निर्माण नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
पीएमजीएसवाइ के अधिशासी अभियंता को सौंपे ज्ञापन में क्षेत्रवासियों ने कहा है कि तोली गांव के लिए प्रस्तावित सड़क का निर्माण गांव के तोकों के बजाय जंगल से किया जा रहा है। तिलाड़ी पाखा से सड़क निर्माण की मांग को अनसुना किया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में विभाग द्वारा पूर्व में तीन सौ मीटर सड़क का निर्माण करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
आबादी से सड़क नहीं बनने के कारण तल्ला तोली तोक में 18 परिवार, रोपाड़ी तोक में 13 परिवार, किमगैर और कौसानी तोक में 17 परिवार,जोगडियार में सात, कल्थी तोक में 20 और रोपाड़ी तोक के दो परिवारों को सुविधा से वंचित रहना पड़ेगा।
सामाजिक कार्यकर्ता शेर सिंह, दीवान सिंह, नंदन सिंह,जीत राम, गुमान सिंह, नारायण सिंह, चंचल सिंह, जगत सिंह, गोविंद सिंह, कंचन सिंह, दीवान सिंह आदि ग्रामीणों ने विभाग से आबादी से सड़क बनाने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा है कि यदि उनकी मांग पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन छेड़ दिया जाएगा।