कपकोट। जिले के कई जंगल आग से धधक रहे हैं। बुधवार को बसकूना के जंगलों में आग लग गई। आग पर काबू पाने के लिए वन विभाग की ओर से किए गए इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं।
मंगलवार को हरसीला के ऊंचाई वाले जंगल में आग लगने से वन्य संपदा को काफी नुकसान पहुंचा था। बुधवार को किसी ने बसकूना के जंगलों में आग लगा दी।
दिन भर चीड़ के जंगल से धुंआ उठता रहा। वन विभाग द्वारा देर शाम तक आग बुझाने को लेकर कोई प्रयास नहीं किए थे। लगातार वनों में आग लगने से पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा है। वातावरण में धुंध भी बढ़ती जा रही है।