बागेश्वर। प्रदेश सरकार ने नाबार्ड मद से जिले की छह लिफ्ट सिंचाई योजनाओं के निर्माण के लिए आठ करोड़ 31 लाख 22 हजार रुपये की राशि अवमुक्त की है। वर्ष 2019 में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इन लिफ्ट सिंचाई योजनाओं के निर्माण की घोषणा की थी। विधायक चंदन राम दास ने लिफ्ट सिंचाई योजनाओं की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया है।
विधायक ने बताया है कि बागेश्वर विकासखंड के बिलौना में लिफ्ट सिंचाई योजना के लिए मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप 80 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। गरुड़ की मन्यूड़ा लिफ्ट सिंचाई योजना के लिए तीन करोड़ 50 लाख 65 हजार, सिरोली योजना के लिए 85.06 लाख, पिंगलो योजना के लिए 98.21 लाख, सेलखोला योजना के लिए 99.30 लाख और कपकोट विकासखंड के कालापैर काभड़ी के लिए 1.18 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि लिफ्ट सिंचाई योजनाओं का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करा दिया जाएगा। योजनाओं के बनने के बाद खेतों की सिंचाई के लिए पानी की कमी नहीं रहेगी।