बागेश्वर। दूणी-सुकुंडा मोटरमार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। लोनिवि कपकोट ने इस मार्ग के नवीनीकरण कार्य के लिए तैयारी शुरू कर दी है। बदहाली का दंश झेल रही सड़क के सुधारीकरण के लिए विभाग 76 लाख रुपये का बजट खर्च करने जा रहा है।
करीब पांच साल पहले बनी सड़क की स्थिति डामर उखड़ने के कारण काफी दयनीय हो गई थी। कई जगहों पर गहरे गड्ढे और उबड़-खाबड़ सतह होने की वजह से वाहन चालकों और स्थानीय ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अब विभाग की ओर से पांच किमी सड़क के नवीनीकरण का कार्य किया जाएगा। सड़क सुधरने से न केवल वाहनों के कलपुर्जों को होने वाला नुकसान कम होगा, बल्कि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी आसान हो जाएगा। सड़क सुधारीकरण कार्य को गति देने के लिए विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि कार्य शुरू होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और आए दिन होने वाली परेशानियों से छुटकारा मिलेगा।
....कोट
दूणी-सुकुंडा सड़क के नवीनीकरण के लिए निविदा आमंत्रित कर दी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही धरातल पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। -अमित कुमार पटेल, ईई, लोनिवि कपकोट
.