बागेश्वर में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली योजना के तहत बेरोजगार का साक्षात्कार लेते डीएम। संवाद न्यूज
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के लिए बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में नौ लोगों का साक्षात्कार लिया गया। वाहन मद में 72.31 लाख का ऋण स्वीकृत हुआ।
डीएम विनीत कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति ने वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के लिए आवेदकों का साक्षात्कार लिया। वाहन मद में नौ, गैर वाहन मद में एक और पंडित दीन दयाल उपाध्याय होम स्टे आवास गृह योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए एक आवेदन पत्र प्राप्त हुआ। वाहन मद में सभी आवेदक साक्षात्कार में शामिल हुए। गैर वाहन मद में प्राप्त आवेदन पत्र को स्वीकृत नहीं किया गया। होम स्टे आवास-गृह योजना में आवेदक उपस्थित नहीं हुआ।
डीएम ने कहा कि वाहन और गैर वाहन मद में कुल 27 आवेदकों के आवेदन पत्र बैंकोें को प्रेषित किए जा चुके हैं। इसमें 14 आवेदन पत्रों को बैंकों ने स्वीकृत कर लिया है। 10 आवेदन पत्रों को निरस्त किया गया है। तीन आवेदन पत्र लंबित हैं। वहीं वाहन मद में 10 और गैर वाहन मद में चार आवेदन पत्रों को स्वीकृति किया गया है। उन्होंने जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्य और लीड बैंक अधिकारी एनआर जौहरी को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार चलाने के लिए प्राप्त आवेदकों को धनराशि उपलब्ध कराने को कहा है।
एंगलिंग गतिविधियों को सुचारु करने के लिए स्थल चिह्नित करने के निर्देश
बागेश्वर। डीएम विनीत कुमार ने कहा कि बागेश्वर जिला पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने इसके लिए एंगलिंग क्रियाकलापों के लिए परमिट देने और स्थल चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। विकासभवन सभागार में हुई बैठक में डीएम ने अधिकारियों को पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पर्यटन अधिकारी, मत्स्य अधिकारी एवं ग्रामीण निर्माण विभाग की संयुक्त टीम गठित कर एंगलिंग के लिए स्थान चिह्नित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि एंगलिंग गतिविधियों के सफल क्रियान्वयन के लिए कार्यशालाओं का आयोजन कर प्रशिक्षकों के माध्यम से सभी लोगों को उचित प्रशिक्षण दिया जाए।