बागेश्वर। राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा के प्रतिनिधि और जिला चिकित्सालय प्रबंध समिति के सदस्य संजय साह जगाती ने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं का मौका मुआयना किया। उन्होंने आपातकालीन कक्ष, जनरल और महिला रोगी वार्ड, ओपीडी और नव निर्मित जैनरेटिक वार्ड का निरीक्षण किया।
उन्होंने रोगियों से भोजन, फल और दवाइयों की व्यवस्था के बारे में जाना। पिछले दिनों नदीगांव में तेंदुए द्वारा निवाला बनाई गई बच्ची के पिता का हालचाल जाना। पीड़ित ने बताया कि उसे अभी तक 50 हजार रुपये की ही सहायता राशि मिली है। साह ने मामले में डीएम से बात की। डीएम ने बताया कि वन विभाग की ओर से शीघ्र ही ढाई लाख रुपये के मुआवजे का भुगतान किया जाएगा। इसके लिए डीएफओ को निर्देशित किया गया है। चिकित्सा कर्मियों ने साह से अस्पताल में दो फ्रिज और हीटर उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने डीएम से समस्या के समाधान करवाने का आश्वासन दिया।