बागेश्वर। सड़क के लिए जुनायल के ग्रामीण दूसरे दिन भी अनशन पर अडिग रहे। उन्होंने सड़क की मांग पूरी होने तक अनशन पर डटे रहने का एलान किया। अनशनकारियों ने शासन-प्रशासन के साथ ही जनप्रतिनिधियों पर उदासीनता का आरोप दोहराया।
सोमवार को भी ग्रामीण पीपल के पेड़ के नीचे अनशन पर बैठे। अनशन स्थल पर हुई सभा में ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से लेकर जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधा। कहा कि बार-बार मांग के बावजूद सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं किया जा रहा। ग्रामीण 10 किमी की पैदल दूरी नापने को मजबूर हैं।
कहा कि जल्द सड़क का काम शुरू नहीं हुआ तो चुनाव का बहिष्कार करेंगे। इस दौरान ग्राम प्रधान विनोद जोशी, दिनेश जोशी, विशंभर जोशी, विशन राम, कमलेश जोशी, हरीश मेहता, हरीश कांडपाल, प्रेम बल्लभ जोशी, रमेश जोशी, महेश जोशी, कमल जोशी आदि थे।