बागेश्वर। कपकोट में अतिवृष्टि के बाद अब गरुड़ विकास खंड में मौसम की मार पड़ी है। सोमवार सुबह तेज बारिश के बीच विकास खंड के ग्वाड़पजेना गांव के डंगोली में आनंद राम का पक्का मकान क्षतिग्रस्त और गोशाला क्षतिग्रस्त हो गई। बागेश्वर तहसील के देवलधार गांव में दुर्गा राम की गोशाला भी ध्वस्त हो गई। नुकसान की सूचना पर राजस्व कर्मियों ने मौका मुआयना किया।
चंडिका गुफा मंदिर क्षतिग्रस्त
कपकोट। कमस्यार घाटी के ठांगा गांव में प्रसिद्ध चंडिका गुफा मंदिर क्षतिग्रस्त हो गया। मंदिर पर बारिश और तूफान के बीच बांज का पेड़ टूटकर गिर पड़ा। इससे मंदिर का गुंबद और छत क्षतिग्रस्त हो गई। प्रधान सतीश उप्रेती, पूरन भौर्याल, पूरन उप्रेती, गिरीराज रौतेला, अनिल रौतेला, खुशाल धानिक, भाष्कर पंत आदि ने दैवीय आपदा के तहत मंदिर की मरम्मत की मांग की है।
अगले 24 घंटे का अलर्ट जारी
बागेश्वर। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के भीतर बागेश्वर में भी भारी बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिलेभर में अलर्ट घोषित कर दिया गया है। अधिकारियों को मौसम से जुड़ी घटनाओं पर लगातार नजर बनाए रखने को कहा गया है। आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी विभागों को सतर्क रहने को कहा है। इधर, मानसून को देखते हुए सरयू नदी तट पर जल पुलिस की टीम तैनात कर दी गई है।
जिले में हुई बारिश
बागेश्वर - 1 एमएम
कपकोट - 5 एमएएम
गरुड़ - 45 एमएम