बागेश्वर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कठपुड़ियाछीना की बैठक में क्षेत्र में दैवी आपदा से हुए नुकसान पर चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से खरही क्षेत्र के सभी प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की।
अध्यक्ष जयकृष्ण टम्टा की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि धूराफाट क्षेत्र के रैखोली, बौड़ी, सिया, नंदीगांव, बोहाला, घटगाड़, सैंज सहित खरही के सभी न्याय पंचायतों में बारिश से घरों को काफी क्षति पहुंची है। फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। इसके बावजूद अभी तक प्रभावितों को मुआवजा नहीं दिया गया है। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से शीघ्र आपदा प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग की। बैठक में पूर्व दर्जा राज्यमंत्री राजेंद्र सिंह टंगड़िया, सज्जन लाल टम्टा, दीवान सिंह, गणेश सिंह रावत, पूरन सिंह, अमर सिंह मेहता, रमेश चंद्र, किशन राम, मोहन सिंह, गिरीश चंद्र आदि कार्यकर्ता थे।